Raybareli News: विद्यालय समयावधि के अंदर बच्चों का पंचायत भवन की बाउंड्री वाॅल पर चढ़कर पेड़ में झूला झूलने का वीडियो वायरल

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां रायबरेली। क्षेत्र के अंदर एक विद्यालय की निर्धारित समयावधि के अंदर विद्यालय के ही बच्चों के द्वारा पंचायत भवन की बाउंड्री वाॅल पर चढ़कर पंचायत भवन परिसर में मौजूद एक पेड़ की डालो से लटककर झूला झूलने का वीडियो बड़ी तेजी के साथ सोशल मीडिया पर रविवार की सुबह वायरल हो गया। वायरल वीडियो के विषय में जब पड़ताल की गई तो पता चला यह वायरल वीडियो विकास क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सब्जी में स्थित पंचायत भवन का है,

जो बीते शनिवार का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पंचायत भवन के पास में ही मौजूद कंपोजिट विद्यालय सब्जी के कुछ बच्चे पंचायत भवन की बाउंड्री वाॅल पर चढ़कर पंचायत भवन परिसर के अंदर मौजूद एक नीम के पेड़ की डालो में झूला झूलते हुए नजर आ रहे हैं। जो कहीं न कहीं विद्यालय के जिम्मेदारों की अनदेखी का जीता जागता उदाहरण पेश कर रहा है।

वही जब वायरल वीडियो के विषय में और अत्यधिक जानकारी प्राप्त की गई तो पता चला कि बच्चों के द्वारा झूला झूलने का किया जा रहा यह कार्य विद्यालय समयावधि के अंदर का ही है, यानी विद्यालय का जो समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक का है, उसी निर्धारित समय के अंदर ही यह बच्चे पंचायत भवन की बाउंड्री वॉल पर चढ़कर झूला झूलते हुए नजर आ रहे हैं।

वहीं झूला झूल रहे इसी विद्यालय के एक छात्र से जब जानकारी प्राप्त की गई तो उसके द्वारा बताया गया कि विद्यालय तो 12:00 बजे ही बंद हो जाता है। उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होकर कहीं न कहीं जिम्मेदारों की अनदेखी की जीवंत दास्तान बयां कर रहा है।

जो कहीं न कहीं प्रदेश सरकार के द्वारा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे सख्त कदमों एवं प्रयासों की घोर तौहीन है। फिलहाल वीडियो वायरल होकर चर्चा का विषय बना हुआ है, और क्षेत्रीय लोग अपनी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Related posts