जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली ।लालगंज स्थित पानी की टंकी के पास आज इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक प्रकरण को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा NTA (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने और NTA पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
जिला उपाध्यक्ष यूथ कांग्रेस *अभिनव तिवारी संगम* ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार लगातार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET जैसे महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं ने देश की परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत पद से हटाना चाहिए तथा NTA को भंग कर एक पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा प्रणाली स्थापित करनी चाहिए,
ताकि छात्रों के साथ न्याय हो सके।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से नोटों की गड्डियां हवा में उछालकर पेपर माफिया और सरकार के बीच कथित मिलीभगत पर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यूथ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष यूथ कांग्रेस सरेनी जितेंद्र द्विवेदी, युवा नेता अंकित सिंह कनिकापुर, गौरव मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष दीपेंद्र गुप्ता, नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतीक शर्मा, फारुख राना सहित बड़ी संख्या यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
