आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार, गांव में तनाव का माहौल।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। डलमऊ थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और विवाहिता की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन किया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
थाना डलमऊ में दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार लालगंज क्षेत्र के बहादुरपुर कंडिया मजरे हसनापुर निवासी अंकित कुमार ने बताया कि उसकी बहन की शादी 22 नवंबर 2024 को पूरे ननि मजरे कर्कसा गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी में सामर्थ्य अनुसार मोटरसाइकिल, आभूषण और घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन विवाह के बाद से ही पति, सास, देवर और ननद बुलेट मोटरसाइकिल तथा दो लाख रुपये नकद की मांग करने लगे।
परिजनों का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि 12 मई को विवाहिता के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
इलाज के दौरान 17 मई को उसकी मौत हो गई।रविवार को मृतका का शव गांव के पास रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने में जुटी रही। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
