बनारस क्लब पर फर्जी दस्तावेज और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित करने का आरोप, कोर्ट में BNSS धारा 379 के तहत प्रार्थनापत्र दाखिल।
वाराणसी। जिला एवं सत्र न्यायालय वाराणसी में बनारस क्लब लिमिटेड के पदाधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने, धोखाधड़ी, कूट रचना और आपराधिक षड्यंत्र के गंभीर आरोपों को लेकर प्रार्थनापत्र दाखिल किया गया है।
प्रार्थी जितेन्द्र कुमार तिवारी ने विशेष न्यायाधीश एस/एसटी कोर्ट में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया है कि बनारस क्लब लिमिटेड के पदाधिकारियों द्वारा कथित रूप से फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक प्रक्रिया को दूषित किया गया। आवेदन में यह भी कहा गया है कि क्लब से जुड़े प्रभावशाली लोगों द्वारा सरकारी मशीनरी को प्रभावित कर विधि विरुद्ध कार्य किए जा रहे हैं।
प्रार्थनापत्र में दावा किया गया है कि क्लब से संबंधित भूमि और दस्तावेजों में हेरफेर कर गलत तथ्यों के आधार पर न्यायालय को गुमराह करने का प्रयास किया गया। साथ ही विभिन्न पदाधिकारियों एवं अन्य सहयोगियों पर आपराधिक षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
प्रार्थी ने न्यायालय से BNSS की धारा 379 (पूर्व धारा 340 CrPC) के तहत मामले की जांच कर उचित विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।
