धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा बुधवार को मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, साइबर जागरूकता, यातायात जागरूकता अभियान एवं ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर चलाया गया।
कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास चंद्र त्रिपाठी के कुशल पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने काशीराम कॉलोनी क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।
इस दौरान महिला उप निरीक्षक किरण देवी, महिला आरक्षी प्रीती तिवारी, रिक्रूट महिला आरक्षी कोमल देवी तथा रिक्रूट आरक्षी अर्जुन यादव द्वारा एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक करते हुए घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, बाल श्रम तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
साथ ही यातायात नियमों के पालन के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा तथा 102 स्वास्थ्य सेवा का उपयोग किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा संचालित लाभकारी योजनाओं जैसे सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन एवं विधवा पेंशन आदि के बारे में भी महिलाओं को जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त थाना कोतवाली नगर का सीयूजी नंबर 9454403067 भी लोगों को उपलब्ध कराया गया।
पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं एवं स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली, हालांकि किसी ने कोई विशेष समस्या नहीं बताई। अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षा, जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
