Hariyana News: देश-दुनिया के सामने लाने के लिए नारनौल के नसीबपुर में एक भव्य शहीद स्मारक का निर्माण कराया जाएगा

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि भारत की आजादी की लड़ाई में अहीरवाल क्षेत्र के वीरों द्वारा दिए गए संघर्ष और बलिदान को देश-दुनिया के सामने लाने के लिए नारनौल के नसीबपुर में एक भव्य शहीद स्मारक का निर्माण कराया जाएगा। इस स्मारक के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को अहीरवाल के शहीदों के इतिहास और उनके साहस से परिचित कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अहीरवाल की धरती वीरता, देशभक्ति और बलिदान की मिसाल रही है। वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में नसीबपुर की लड़ाई का विशेष महत्व रहा, जहां क्षेत्र के वीर जवानों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे।

उन्होंने कहा कि सरकार इन शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए ऐतिहासिक स्थल पर भव्य स्मारक का निर्माण करवाएगी, ताकि देशभर से लोग यहां पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जान सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्मारक केवल एक इमारत नहीं होगा, बल्कि देशभक्ति और प्रेरणा का केंद्र बनेगा। यहां शहीदों के इतिहास, उनके संघर्ष और अहीरवाल की गौरवगाथा को आधुनिक तकनीक और प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने इतिहास और वीरों के त्याग से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। नसीबपुर शहीद स्मारक बनने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अहीरवाल क्षेत्र के लोगों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश की आजादी में इस क्षेत्र की भूमिका हमेशा स्वर्ण अक्षरों में लिखी जाएगी।

Related posts