Chandigadh hariyana News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अम्बाला छावनी में निर्माणाधीन शहीद स्मारक का किया अवलोकन

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज अम्बाला छावनी में निर्माणाधीन “आजादी की पहली लड़ाई का शहीद स्मारक” का अवलोकन किया। इस दौरान हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्मारक निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्बाला छावनी में बन रहा यह शहीद स्मारक देश का ऐतिहासिक और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित पहला स्मारक होगा, जो आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, त्याग और बलिदान की भावना से प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि यह स्मारक स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों की स्मृतियों को जीवंत रखने का कार्य करेगा और युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरणा देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मारक का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और जल्द ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्मारक केवल एक भवन नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस और बलिदान का प्रतीक बनेगा।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को स्मारक में विकसित की जा रही आधुनिक सुविधाओं और प्रदर्शनी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बताया गया कि स्मारक में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं और वीर शहीदों के योगदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी देश के इतिहास से जुड़ सके।

Related posts