Hariyana News: ऊर्जा संरक्षण का संदेश देने ट्रेन से दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा बचाओ और ईंधन संरक्षण संदेश को धरातल पर उतारते हुए चंडीगढ़ से दिल्ली तक ट्रेन से सफर कर लोगों को ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री के इस कदम को पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के संसाधनों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर ऊर्जा की बड़ी बचत की जा सकती है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण संकल्प को मजबूत बनाने के लिए सभी को अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव अपनाने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सरकारी कार्यप्रणाली में भी ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकारी फ्लीट में वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है। इससे अनावश्यक ईंधन खर्च में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ स्थित सुखना लेक पर साइकिल चलाकर “स्वस्थ हरियाणा-स्वस्थ भारत” का संदेश भी दिया था। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन, साइकिल और ऊर्जा संरक्षण जैसे उपाय न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ऊर्जा संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और सतत विकास को लेकर लगातार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिजली और ईंधन की बचत को जनआंदोलन बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।

Related posts