धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंडीगढ़। नायब सिंह सैनी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती खपत को कम करने के लिए निजी वाहनों के प्रयोग में कमी लाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होगा, जब आम लोगों को बेहतर और सुगम सरकारी बस सेवा उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन विभाग ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बढ़ती आबादी तथा भविष्य में पैदा होने वाली मांग को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश का विस्तृत रूटमैप तैयार करे। उन्होंने कहा कि रिवाइज रूट प्लान के अनुरूप ज्यादा से ज्यादा गांवों और शहरों को बस सुविधा से जोड़ा जाए, ताकि लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर न रहना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बेहतर बस सेवाओं से न केवल आम नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और सड़क दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को लेकर गंभीर है। इसी दिशा में सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है, ताकि लोग अधिक से अधिक सरकारी बसों का उपयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बसों के संचालन, समयबद्धता और यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि नई बस सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर परिवहन सुविधा से जोड़ना है, जिससे आमजन को सुरक्षित, सस्ता और सुविधाजनक सफर मिल सके।
