Chandigadh hariyana News: किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

चंडीगढ़। नायब सिंह सैनी से पंजाब के किसान एवं विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को पंजाब में किसानों की बिगड़ती स्थिति, कृषि क्षेत्र में बिजली संकट तथा अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों से अवगत कराया। इस दौरान किसान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को पंजाब आने का निमंत्रण भी दिया।

किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पंजाब के किसान केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं एवं सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों को बेहतर सुविधाएं, योजनाओं का लाभ और कृषि क्षेत्र में पर्याप्त सहयोग मिल रहा है, जबकि पंजाब के किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधियों ने इच्छा जताई कि पंजाब में भी किसानों को हरियाणा की तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष कृषि के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने, किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती लागत और संसाधनों की कमी के कारण किसानों की परेशानियां बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसान प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में लगातार योजनाएं लागू कर रही है और हरियाणा सरकार भी किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों की भलाई और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है।

बैठक के दौरान किसान संगठनों और मुख्यमंत्री के बीच विभिन्न कृषि मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई तथा भविष्य में किसानों के हित में बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी सहमति बनी।

Related posts