Sitapur UP: ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम-एसपी ने किया ईदगाहों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश

शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील

धारा लक्ष्य समाचार 

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से शहर एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने ईदगाहों, मस्जिदों तथा प्रमुख स्थलों का निरीक्षण करते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पर्व के अवसर पर नमाज स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों को लेकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भ्रमण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य लोगों से संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारे और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने का अनुरोध किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में ईद-उल-अजहा का पर्व हमेशा आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाता रहा है तथा इस बार भी सभी लोग मिलजुलकर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएं। वहीं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्त की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न हो सके।

इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, जिससे पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके।

Related posts