पूजा दीक्षित के जन्मदिवस पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन, दर्जनों लोगों ने किया रक्तदान।
वाराणसी, 31 मई। क्षेत्रीय मंत्री (महिला मोर्चा), भाजपा काशी क्षेत्र श्रीमती पूजा दीक्षित के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर शौर्य शिखर सोलर एनर्जी एवं अभ्युदय सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में हरहुआ स्थित परिसर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि इससे किसी व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं अभ्युदय सेवा समिति के महामंत्री तथा शौर्य शिखर सोलर एनर्जी के डायरेक्टर सिंटू पांडे ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे। समिति के संरक्षक दिलीप दुबे ने रक्तदान को मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आगे आने की अपील की।
इस अवसर पर रोहित त्रिपाठी, विशाल गुप्ता (कोषाध्यक्ष), संतोष सिंह, अनुपम (संगठन मंत्री), डम्पी तिवारी बाबा (राष्ट्रीय सलाहकार, अभ्युदय सेवा समिति), राहुल सोनी सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन रक्तदाताओं को सम्मानित करने एवं समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान जैसे अभियान समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
