गौ को माता घोषित करने और गौहत्या पर रोक की मांग, कानपुर में शंकराचार्य का आह्वान।
कानपुर। गोप्रतिष्ठा (गौ रक्षार्थ धर्मयुद्ध) यात्रा के तहत कानपुर पहुंचे ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ संरक्षण को लेकर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान लाखों लोगों से संवाद में सभी ने गौ को माता माना, जबकि सरकार उसे पशु की श्रेणी में रखती है। उन्होंने गौ को माता घोषित करने और गौहत्या पर पूर्ण रोक लगाने की मांग उठाई।
शंकराचार्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ केवल उपयोगिता का साधन नहीं, बल्कि आशीर्वाद का स्रोत है। उन्होंने भगवान श्रीराम के रघुवंश की समृद्धि को भी गौ सेवा से जोड़ते हुए गौ संरक्षण के लिए जनजागरण का आह्वान किया।
सभा में बिठूर विधानसभा क्षेत्र में गौधाम निर्माण एवं जनसंपर्क अभियान के लिए मनोज कुमार को प्रतिनिधि नियुक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने गौ संरक्षण का संकल्प लेते हुए वैदिक मंत्र “अहं हनं वृत्रं गविष्ठौ” का सामूहिक उच्चारण किया। शंकराचार्य ने कहा कि 24 जुलाई को लखनऊ में विशाल धर्मसभा आयोजित कर आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।
