Raybareli News: अतिक्रमण की शिकायत करना सभासद को पड़ा भारी, परिवार पर हमले का आरोप

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के चक धरोरा वार्ड नंबर-5 की सभासद सुनीता पाल एवं उनके परिवार पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वार्ड में स्थित एक तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत करने के बाद दबंगों ने उनके परिवार को निशाना बनाया।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-5 की सभासद सुनीता पाल ने क्षेत्र के एक तालाब पर किए जा रहे कथित अतिक्रमण की शिकायत मिल एरिया थाने में की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और संतोष पाल, रामकुमार, अनुज, आलोक सिंह, राकेश सिंह समेत अन्य लोगों ने सभासद सुनीता पाल, उनके पति राम सजीवन, देवर तथा परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की कोशिश की। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मामले की जानकारी मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन पर हुआ हमला गंभीर प्रकृति का था और मामले में कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Related posts