तीन बच्चों की मां ने लगाई जांच और कार्रवाई की गुहार, आर्थिक व मानसिक परेशानी बढ़ी।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।शिवगढ़ क्षेत्र में परिवार नियोजन कार्यक्रम की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम पिंडौली, थाना शिवगढ़ निवासी 28 वर्षीय सुशीला पत्नी सिकंदर ने आरोप लगाया है कि नसबंदी ऑपरेशन कराने के बावजूद वह दोबारा गर्भवती हो गई हैं।
सुशीला के अनुसार उनके पहले से तीन बच्चे हैं, जिनमें 12 वर्षीय आकाश, 6 वर्षीय यश और 4 वर्षीय पुत्री आशकी शामिल हैं। परिवार पूरा होने के बाद उन्होंने भविष्य में गर्भधारण रोकने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवगढ़ में नसबंदी कराई थी।
महिला का कहना है कि नसबंदी के बाद भी वह चौथी बार गर्भवती हो गई हैं। इस अप्रत्याशित स्थिति से वह मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं। उनका कहना है कि पहले से तीन बच्चों की परवरिश करना ही चुनौतीपूर्ण है, ऐसे में चौथे बच्चे की जिम्मेदारी परिवार पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है।
सुशीला ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि नसबंदी के बाद भी गर्भधारण हो रहा है तो यह परिवार नियोजन सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।
वहीं, इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित महिला को क्या राहत मिल पाती है।
