Lucknow UP: विकासनगर में शराब ठेके पर नियमों की अनदेखी के आरोप, समय से पहले बिक्री और ओवररेटिंग की चर्चा

Dhara Lakshya samachar

लखनऊ। थाना विकासनगर क्षेत्र में आनंद टाइल्स के बगल स्थित देशी शराब ठेके पर नियमों की अनदेखी किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्धारित समय से पहले ही ठेके का शटर उठाकर शराब की बिक्री की जा रही है। साथ ही शराब की बोतलों को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जाने की भी चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है।

सूत्रों के अनुसार, ठेके पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही देखी जा रही है, जबकि आबकारी नियमों के अनुसार शराब बिक्री के लिए निर्धारित समय का पालन किया जाना आवश्यक है। आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर खुलेआम बिक्री की जा रही है, जिससे क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय से पहले बिक्री और ओवररेटिंग की शिकायतें सही हैं, तो यह सीधे तौर पर आबकारी विभाग के नियमों का उल्लंघन है। लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी निगरानी न होने के कारण इस तरह की गतिविधियां लगातार जारी हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

अब देखना यह होगा कि आबकारी विभाग और संबंधित अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर जांच करते हैं या नहीं। यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो संबंधित ठेका संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।

Related posts