Raybareli News: अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सरनीत कौर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर गुरुवार को खनन विभाग एवं एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के जगतपुर इलाके में छापेमारी की। इस दौरान साधारण मिट्टी के अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के आधार पर गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां बिना वैध अनुमति के मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाना जगतपुर की सुपुर्दगी में दे दिया गया।

खनन विभाग द्वारा संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

खनन विभाग, पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं प्रशासन की सख्ती को लेकर आमजन ने भी संतोष व्यक्त किया है।

Related posts