मुख्यमंत्री योगी के आगमन की तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने शिव महापुराण कथा स्थल का किया निरीक्षण

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने चढ़राई चौराहा स्थित शिव महापुराण कथा स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कथा स्थल, वीआईपी आगमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यातायात संचालन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा श्रद्धालुओं को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए चप्पे-चप्पे पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

13 सितम्बर को कथा स्थल पहुंचेंगे मुख्यमंत्रीप्रशासन द्वारा जारी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार 13 सितम्बर को दोपहर 1:00 बजे चढ़राई चौराहा स्थित शिव महापुराण कथा स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस अमला तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

Related posts