प्रभात साहू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया 500 कांवरियों का दूसरा जत्था, ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा महराजगंज

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। सावन की आस्था और शिवभक्ति का अनुपम नजारा शनिवार देर शाम महराजगंज कस्बे में देखने को मिला, जब प्राचीन दानेश्वर शिव मंदिर परिसर से करीब 500 शिवभक्त कांवरियों का दूसरा जत्था डलमऊ गंगा घाट के लिए पैदल रवाना हुआ। भगवा वस्त्रों में सजे शिवभक्तों के उत्साह और श्रद्धा से पूरा कस्बा भक्तिमय माहौल में डूब गया।मंदिर परिसर में हेमू साहू के नेतृत्व में एकत्र हुए कांवरियों का चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर स्वागत किया तथा हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

जैसे ही शिवभक्तों का जत्था आगे बढ़ा, पूरा क्षेत्र ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर प्रभात साहू ने कहा कि कांवर यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत पहचान है। शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी कांवरियों की सुरक्षित, मंगलमय और सफल यात्रा की कामना करते हुए श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र, फल, मिठाई एवं जल वितरित किया।भगवा ध्वज और कांवर लिए जब शिवभक्त कस्बे की सड़कों पर निकले तो उनके उत्साह ने हर किसी को आकर्षित कर लिया।

धार्मिक गीतों, भजनों और जयघोषों के बीच पूरा कस्बा शिवमय हो गया। जगह-जगह लोगों ने कांवरियों का स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान विजय धीमान, सभासद धर्मेंद्र वर्मा, रवि सक्सेना, सरदार अज्जू मिश्रा, अमित श्रीवास्तव, सूर्य प्रकाश वर्मा, टिंकू सोनकर, अमर, घनश्याम चौरसिया समेत दर्जनों गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related posts