सीपीआर प्रशिक्षण से बचाई जा सकती हैं अनमोल जानें: डॉ. मनीष चौहान

बिरला सीमेंट फैक्ट्री में सिमहैंस हॉस्पिटल ने आयोजित किया सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम, कर्मचारियों को दिया जीवनरक्षक प्रशिक्षण।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। सिमहैंस हॉस्पिटल, रायबरेली द्वारा शनिवार को बिरला सीमेंट फैक्ट्री, इंडस्ट्रियल एरिया अमावां में एक महत्वपूर्ण सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे हुआ, जिसमें फैक्ट्री के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में सिमहैंस हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मनीष चौहान, डॉ. बृजेश सिंह एवं डॉ. सईद ने उपस्थित लोगों को सीपीआर की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि हृदय गति रुकने या आपातकालीन स्थिति में समय पर दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति की जान बचाने में बेहद कारगर साबित हो सकता है।इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने डमी मॉडल पर सीपीआर की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया और कर्मचारियों को स्वयं अभ्यास कराकर प्रशिक्षित भी किया।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों ने बड़ी रुचि दिखाई तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के गुर सीखे।

कार्यक्रम के अंत में बिरला सीमेंट फैक्ट्री के यूनिट हेड सुनील कुमार कोठारी ने सिमहैंस हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मनीष चौहान एवं डॉ. बृजेश सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और इससे आपदा अथवा आकस्मिक स्वास्थ्य संकट की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।

इस अवसर पर फैक्ट्री के एचआर हेड मुकेश कुमार, विपीन पाल, करुणाशंकर मिश्र सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इसे ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताया।

Related posts