जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अटौरा बुजुर्ग (रायबरेली)। गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के अटौरा बुजुर्ग चौकी अंतर्गत पूरे निधि गांव के पास स्थित मालिन बाग में गुरुवार सुबह एक 48 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अटौरा निवासी शंभू उर्फ छेद्दू पुत्र भगौती के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शंभू उर्फ छेद्दू करीब पांच दिन पहले ही ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने के बाद घर लौटा था। बुधवार रात भोजन करने के बाद वह गांव के बाहर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सोने चला गया था। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे परिवार का अमरनाथ खेत में पानी लगाने पहुंचा तो ट्यूबवेल के समीप मालिन बाग में छेद्दू का शव पड़ा मिला।
शव देखते ही उसके होश उड़ गए और उसने शोर मचाकर परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी।घटना की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर अटौरा बुजुर्ग चौकी पुलिस एवं गुरबक्शगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को घटनास्थल पर फेंका गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
