जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवती द्वारा शारदा नहर पुल से छलांग लगाने का मामला सामने आया। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से युवती की जान बच गई। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कंदरावा गांव निवासी रश्मि देवी पुत्री इंद्राज ने शुक्रवार सुबह मनीरामपुर स्थित शारदा नहर पुल से अज्ञात कारणों के चलते नहर में छलांग लगा दी। युवती को नहर में कूदते देख आसपास मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाते हुए पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से बचाव अभियान शुरू किया।
नहर के तेज बहाव में फंसी युवती को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुल से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।पुलिस और ग्रामीणों ने तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर युवती को उपचार के लिए ऊंचाहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
