रात में सोते समय दो लोगों को डसा जहरीले सांप ने, हालत गंभीर।

एंटीवेनम देकर जिला अस्पताल रेफर, अलग-अलग गांवों में हुई घटनाओं से दहशत।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में गुरुवार की देर रात जहरीले सांप के काटने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महराजगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और एंटीवेनम इंजेक्शन लगाने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।पहली घटना रात करीब एक बजे अलीपुर गांव की है।

यहां साधवी (35) पत्नी निवासी अलीपुर अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान चारपाई पर चढ़े जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश होते ही उन्होंने शोर मचाया, जिस पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल सीएचसी महराजगंज ले गए।वहीं दूसरी घटना करीब डेढ़ बजे सावन बुजुर्ग बल्ला गांव में हुई।

गांव निवासी शफीक (36) पुत्र इसरार अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उन्हें भी काट लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें भी उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया।

सीएचसी में रात्रि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. पीयूष सिंह ने दोनों मरीजों को तत्काल एंटीवेनम इंजेक्शन लगाकर प्राथमिक उपचार दिया। उन्होंने बताया कि दोनों की स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

लगातार हो रही सर्पदंश की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने तथा घरों और आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की है।

Related posts