रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
सरेनी/रायबरेली। गंगा तट पर स्थित प्रसिद्ध आदिशक्ति मां संकटा धाम, गेगासों में शुक्रवार को मंदिर के चढ़ौके (चढ़ावे) की वार्षिक नीलामी तहसील प्रशासन की मौजूदगी में संपन्न हुई। नीलामी प्रक्रिया को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग मौके पर मौजूद रहे।तहसीलदार लालगंज पवन कुमार यादव के नेतृत्व में क्षेत्रीय लेखपाल नीरज कुमार द्वारा नीलामी कराई गई।
नीलामी के दौरान शिवांक पुत्र दिनेश और मोनू पाण्डेय पुत्र रामचंद्र के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। कई दौर की बोली के बाद मोनू पाण्डेय ने 16 लाख 1 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर एक वर्ष के लिए मां संकटा धाम के चढ़ौके का अधिकार प्राप्त कर लिया।
नीलामी प्रक्रिया के तहत सभी बोलीदाताओं से 21 हजार रुपये मार्जिन धनराशि जमा कराई गई। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गेगासों स्थित मां संकटा धाम संभवतः विश्व का ऐसा अनूठा मंदिर है, जहां श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले चढ़ावे की प्रतिवर्ष सार्वजनिक नीलामी की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। यही वजह है कि इस नीलामी को देखने और इसमें भाग लेने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं।
नीलामी के दौरान कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुधीर पांडेय, चौकी प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह, अमीन शिवम वर्मा, ग्राम पंचायत प्रशासक देशराज यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
