Raybareli News: टेंडर खत्म, फिर भी वसूली जारी! राजघाट टैक्सी स्टैंड के ऑटो चालकों ने एसपी से लगाई गुहार

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

रायबरेली। शहर के राजघाट टैक्सी स्टैंड पर कथित अवैध वसूली को लेकर ऑटो चालकों में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में ऑटो चालक पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। चालकों का आरोप है कि टैक्सी स्टैंड का टेंडर समाप्त हो जाने के बावजूद उनसे प्रतिदिन अवैध रूप से धन की वसूली की जा रही है।

ऑटो चालकों के अनुसार नगर पालिका द्वारा संचालित राजघाट टैक्सी स्टैंड की टेंडर अवधि समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद कुछ लोग स्वयं को वसूली का अधिकार बताकर चालकों से रोजाना पैसा वसूल रहे हैं। चालकों का कहना है कि बिना किसी वैध आदेश या अधिकार के यह वसूली खुलेआम की जा रही है।

चालकों ने आरोप लगाया कि राजघाट चौकी क्षेत्र में यह पूरा खेल लंबे समय से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे ऑटो चालकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि जो चालक वसूली का विरोध करता है, उसे मानसिक दबाव और परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना-पत्र में चालकों ने मांग की है कि टैक्सी स्टैंड के टेंडर की वर्तमान स्थिति की जांच कराई जाए और यदि टेंडर की अवधि समाप्त हो चुकी है तो वसूली करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई है।

ऑटो चालकों का कहना है कि वे पहले ही बढ़ती महंगाई और कम आय की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में प्रतिदिन होने वाली कथित अवैध वसूली उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन गई है।

Related posts