Raybareli News: अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक में घुसी, बुजुर्ग महिला की मौत; छह घायल, तीन एम्स रेफर

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जनपद के मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित देवानंदपुर कस्बे में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार हमीरपुर निवासी एक परिवार अयोध्या में दर्शन-पूजन कर कार से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी कार देवानंदपुर कस्बे के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो महिलाएं, दो मासूम बच्चों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ और एसडीएम सदर गौतम सिंह को जिला अस्पताल भेजा। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

डॉक्टरों ने घायलों की स्थिति का परीक्षण करने के बाद तीन लोगों की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए एम्स रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

Related posts