Raybareli News: दबाव में दिलवाया बयान, सोशल मीडिया पर वायरल; पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जबरन दबाव बनाकर बयान दिलवाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित ने चार दिनों में दूसरी बार पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।

मामला जिले के टिकरा गांव का है। सूरज पुत्र ननकू ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह पेशे से ऑटो चालक है। बीती 8 तारीख को वह ऑटो लेकर अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि दरीबा गांव के पास एक थार वाहन (UP 33 BR 5200) में सवार तीन-चार लोगों ने उसे रोक लिया।पीड़ित के अनुसार, वाहन से उतरते ही आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद भय और दबाव का माहौल बनाकर उससे मनमाफिक बातें बुलवाई गईं। पीड़ित का कहना है कि वह डर गया था, इसलिए आरोपियों के कहे अनुसार बोलता गया।आरोप है कि उक्त लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित ने स्पष्ट किया है कि वीडियो में जिन लोगों के नाम उससे बुलवाए गए हैं,

वह उन्हें न तो जानता है और न ही पहचानता है। वायरल वीडियो में दिया गया बयान पूरी तरह दबाव, डर और धमकी के कारण दिलवाया गया था।

पीड़ित द्वारा दूसरी बार पुलिस अधीक्षक से शिकायत किए जाने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब यह देखना होगा कि सोशल मीडिया के कथित दुरुपयोग और जबरन बयान दिलाने के आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

Related posts