Varanasi UP…स्वस्थ भारत के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक बदलाव: अनुप्रिया पटेल

स्वस्थ भारत के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक बदलाव: अनुप्रिया पटेल

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, पीएम-एबीएचआईएम और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, गुणवत्ता और किफायती उपचार सुनिश्चित किया गया है।

उन्होंने कहा कि देशभर में 1.8 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं, जहां 120 करोड़ से अधिक ओपीडी परामर्श और 70 करोड़ से अधिक टेली-परामर्श सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

अनुप्रिया पटेल ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है, संस्थागत प्रसव और टीकाकरण का प्रतिशत बढ़ा है तथा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के तहत लगभग 91 करोड़ आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सभी नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर ‘स्वस्थ भारत, सशक्त भारत’ का निर्माण करना है।

Related posts