Barabanki UP: ग्रीष्मावकाश के बाद खुले विद्यालय, विद्यार्थियों का रोली-टीका लगाकर किया गया स्वागत

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। ग्रीष्मावकाश के बाद मंगलवार को विद्यालय खुलने पर प्राथमिक विद्यालय हुसेनाबाद में विद्यार्थियों का भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। विद्यालय पहुंचने पर बच्चों के माथे पर रोली-टीका लगाकर उनका अभिनंदन किया गया तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय परिसर में पहले दिन बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। लंबे अवकाश के बाद अपने शिक्षकों और सहपाठियों से मिलकर छात्र-छात्राएं काफी प्रसन्न नजर आए। विद्यालय परिवार ने बच्चों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और नए शैक्षिक सत्र को सफल बनाने का संकल्प लिया।

 

प्रधानाध्यापिका सरिता देवी ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि नियमित अध्ययन और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी बच्चों से पूरे मनोयोग के साथ पढ़ाई करने तथा विद्यालय की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

विद्यालय में सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच शिक्षण कार्य का शुभारंभ हुआ। शिक्षकों ने बच्चों को नए शैक्षिक सत्र के लिए प्रेरित करते हुए बेहतर शिक्षा और सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया।

 

इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे, जिनमें प्रधानाध्यापिका सरिता देवी, सहायक अध्यापिका अलका वर्मा, सहायक अध्यापिका उदिता विश्वकर्मा, शिक्षामित्र संतोष कुमारी, सहायक अध्यापक राहुल कुमार निर्मल तथा सहायक अध्यापक प्रमोद कुमार रजक शामिल रहे।

 

विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की तथा नए शैक्षिक सत्र को ज्ञान, संस्कार और सफलता से परिपूर्ण बनाने का संकल्प लिया।

Related posts