Barabanki UP: आबादी के बीच संचालित मुर्गी फार्म बंद कराने की मांग, थाने में दी गई शिकायत

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बाराबंकी। जनपद बाराबंकी के थाना लोनीकटरा क्षेत्र में आबादी के निकट संचालित एक मुर्गी फार्म को बंद कराने की मांग को लेकर स्थानीय निवासी ने पुलिस से शिकायत की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुर्गी फार्म से निकलने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण क्षेत्र के लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना लोनीकटरा क्षेत्र के बहिलवा मोड़ निवासी रविशंकर पुत्र रामकिशोर ने थाना अध्यक्ष लोनीकटरा को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि क्षेत्र में संचालित एक मुर्गी फार्म का संचालन नियमों के विपरीत आबादी के बीच किया जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों, महिलाओं और बच्चों को दुर्गंध तथा प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि मुर्गी फार्म से निकलने वाली बदबू के कारण लोगों के स्वास्थ्य एवं मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार आपत्ति जताने के बावजूद फार्म का संचालन जारी है, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।

प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मुर्गी फार्म के संचालन से आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है तथा लोगों को सामान्य जीवन यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा आबादी के निकट संचालित मुर्गी फार्म को बंद कराने की मांग की है।

वहीं, इस संबंध में थाना लोनीकटरा पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts