जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार
रायबरेली/महराजगंज। नगर पंचायत महराजगंज में विकास कार्यों की नई इबारत लिखी जा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष सरल साहू एवं चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू के नेतृत्व में नगर लगातार आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रहा है। इसी कड़ी में नगर को ‘वैश्विक नगर बाजार’ जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना की सौगात मिलने जा रही है,
जिससे व्यापार, रोजगार और नागरिक सुविधाओं को नया आयाम मिलेगा।करीब 1.95 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस आधुनिक बाजार में 20 आधुनिक दुकानें, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग, हरित क्षेत्र, शौचालय, हाईमास्ट लाइट, फ्लेक्स विज्ञापन स्थल तथा चारदीवारी सहित सभी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
यह बाजार एक मानकीकृत डिजाइन पर आधारित होगा, जिससे नगर पंचायत की पहचान और अधिक मजबूत होगी।चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा कि उनका उद्देश्य महराजगंज को आधुनिक और व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि वैश्विक नगर बाजार बनने से स्थानीय व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और नगर की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।नगर पंचायत अध्यक्ष सरल साहू ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने और महराजगंज को आधुनिक नगर बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
नगरवासियों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि प्रभात साहू और सरल साहू के नेतृत्व में नगर में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। लोगों का मानना है कि वैश्विक नगर बाजार बनने से महराजगंज की तस्वीर बदलेगी और नगर व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
