Raybareli News: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पीएसी परिसर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा, भक्ति और आस्था से सराबोर हुआ वातावरण

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। 25वीं वाहिनी पीएसी परिसर स्थित मंदिर में रविवार को श्रद्धा, आस्था और वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य श्रीराम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा एवं मंदिर के शिखर पूजन का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरे परिसर में भक्ति का वातावरण देखने को मिला। शंखध्वनि, वैदिक मंत्रों और जय श्रीराम के उद्घोष से पीएसी परिसर देर तक गुंजायमान रहा।

इस पावन अवसर पर सदर विधायक अदिति सिंह, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार तथा 25वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक लाल भरत कुमार पाल ने विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी के विग्रहों की पूजा-अर्चना कर प्राण प्रतिष्ठा एवं शिखर पूजन में सहभागिता की।

विद्वान आचार्यों के निर्देशन में सभी धार्मिक अनुष्ठान वैदिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुए।कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं और पीएसी के अधिकारियों एवं जवानों ने भी भगवान श्रीराम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और देश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा और भक्ति की अविरल धारा बहती रही।

इस अवसर पर सदर विधायक अदिति सिंह ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि मर्यादा, सेवा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने वाला बताया। कार्यक्रम में उनकी सादगीपूर्ण उपस्थिति और श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार एवं सेनानायक लाल भरत कुमार पाल ने भी आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम जवानों में आध्यात्मिक ऊर्जा, अनुशासन और सेवा भाव को और अधिक मजबूत करते हैं।पूजन के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में पीएसी के अधिकारी, जवान, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related posts