Raybareli News: डीएम ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ, 3.67 लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार

रायबरेली। जनपद में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान-2026 का रविवार को विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की दो बूंद पिलाई और उन्हें गोद में लेकर स्नेह भी दिया। जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने के अभियान को सफल बनाया जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि 28 जून से प्रारंभ हुए इस विशेष अभियान के तहत जिले के 3,67,432 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन जिले भर में 1672 बूथों पर बूथ दिवस आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने पहुंचे।सीएमओ ने बताया कि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें 29 जून से 3 जुलाई तक घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।

इसके बाद 6 जुलाई को बी-टीम गतिविधि के माध्यम से ऐसे बच्चों को चिन्हित कर दवा पिलाई जाएगी, जो किसी कारणवश पहले चरण में छूट गए हों।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवी संस्थाओं से अभियान को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ संचालित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही इस अभियान को पूर्ण सफलता मिल सकती है।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts