जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। राज्य कर विभाग की ओर से दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर शहर स्थित आरडीए कम्युनिटी सेंटर में भव्य व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सर्वाधिक जीएसटी जमा करने वाले व्यापारियों एवं उद्योग बंधु से जुड़े उद्यमियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक अदिति सिंह ने प्रतिभाग किया और उत्कृष्ट करदाताओं को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि व्यापारी वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ है।
सरकार की विकास योजनाओं को गति देने में ईमानदारी से कर जमा करने वाले व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और व्यापारिक नैतिकता का प्रेरणास्रोत है, जिनके आदर्शों पर चलकर व्यापारी समाज देश की प्रगति में लगातार योगदान दे रहा है।
डिप्टी जीएसटी कमिश्नर शिखा गुप्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सर्वाधिक जीएसटी जमा करने वाले विभिन्न व्यापारियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मेडिकल ट्रेड श्रेणी में ड्रग एंड केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष त्रिपाठी सहित कुल 10 व्यापारियों को उत्कृष्ट कर अनुपालन के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अलावा उद्योग बंधु से जुड़े पांच उद्यमियों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने व्यापारियों से समय पर कर जमा करने और कर व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने में सहयोग की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि करदाताओं के सहयोग से ही प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।
समारोह के दौरान सम्मानित व्यापारियों ने राज्य कर विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे व्यापारियों का मनोबल बढ़ाने वाला कदम बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति, विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
