चुरूवा मंदिर के पास लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर हादसा, कार के उड़े परखच्चे, एयरबैग खुलने से टली बड़ी अनहोनी।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुरूवा स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के पास मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। आगे चल रही पिकअप में पीछे से एक तेज रफ्तार कार जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद कार सवारों में चीख-पुकार मच गई।
हालांकि, गनीमत रही कि एयरबैग खुलने से कार में सवार सभी लोगों की जान बच गई। उन्हें मामूली चोटें आई हैं।जानकारी के मुताबिक, जगतपुर थाना क्षेत्र के पारी गांव निवासी स्विष्ट कुमार पुत्र बाबूलाल कार से लखनऊ जा रहे थे। कार में उनके साथ अजय कुमार पुत्र छत्रपाल, शिव भजन पुत्र अजय कुमार और राम भजन सराना पत्नी अजय कुमार भी सवार थे।
जैसे ही कार चुरूवा हनुमान मंदिर के पास पहुंची, तभी आगे चल रही पिकअप का चालक दाहिनी ओर कट से वाहन मोड़ने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पिकअप में जा भिड़ी।अचानक हुई जोरदार टक्कर से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने कार सवारों का हालचाल लिया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप चालक लाल शर्मा पुत्र छोटेलाल निवासी औरैया को वाहन सहित थाने ले आई। पुलिस ने चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
