लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से किया हमला, कई लोग घायल; पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। बाइक देने से इनकार करना एक परिवार को इतना भारी पड़ गया कि मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि बाइक न देने की रंजिश में 16 लोगों ने एकजुट होकर घर पर धावा बोल दिया और परिवार के सदस्यों को लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से जमकर पीटा। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। मारपीट में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।
मामला सलोन कोतवाली क्षेत्र के महाराजगंज गांव का है। पीड़ित के मुताबिक, बाइक देने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी खुन्नस में आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर उसके घर को निशाना बनाया। आरोप है कि हमलावर जबरन घर में घुस आए और परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों तथा कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमलावरों के ताबड़तोड़ वार से परिवार के कई लोग घायल हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के तत्काल बाद डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस से मदद मांगी गई, लेकिन स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित परिवार न्याय की आस लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। यहां अधिकारियों को अपनी आपबीती सुनाते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
पीड़ित ने अधिकारियों को यह भी बताया कि उसके पास घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं। उसने वीडियो की निष्पक्ष जांच कराकर हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
अब पुलिस की जांच पर टिकी निगाहें
एक बाइक को लेकर शुरू हुआ विवाद यदि घर में घुसकर मारपीट तक पहुंच गया, तो यह मामला कई सवाल खड़े करता है। पीड़ित परिवार अब पुलिस प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की उम्मीद लगाए बैठा है। देखना होगा कि वीडियो साक्ष्यों और पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस कब तक मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करती है।
