Raybareli News: साइकिल सवार की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, शव रखकर रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे जाम

साइकिल सवार की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, शव रखकर रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे जाम; प्रधान पर हत्या की साजिश का आरोप।

जिला रिपोर्टर 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

सलोन (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र में साइकिल सवार की संदिग्ध सड़क दुर्घटना में मौत के बाद मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कुशल के पुरवा के पास ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर रायबरेली-प्रतापगढ़ मार्ग जाम कर दिया। जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।जानकारी के अनुसार, पूरे खमरिया गांव निवासी मेवालाल साइकिल से जा रहे थे।

इसी दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।मृतक के परिजनों ने इस हादसे को महज दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए ग्राम प्रधान और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि प्रधान ने मेवालाल को काम पर बुलाया था, लेकिन उन्होंने जाने से मना कर दिया।

आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर प्रधान ने उन्हें दुर्घटना में मरवा देने की धमकी दी थी। परिजनों का दावा है कि उसी धमकी के बाद यह घटना हुई।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और ग्राम प्रधान व उसके भाई के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने तथा मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की।सूचना मिलते ही सलोन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों के साथ ग्रामीणों को समझाने का प्रयास शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासन जाम समाप्त कराने तथा मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने में जुटे थे।

Related posts