Raybareli News: स्कूल वैन पर लाठी से हमला, शीशे टूटने से दो छात्र घायल; चालक की जान बचाने पहुंची पुलिस

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली।कस्बा महराजगंज में गुरुवार सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रही एक स्कूल वैन पर हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए साइकिल सवार ने वैन चालक से मारपीट करने के बाद लाठी से वैन के शीशे तोड़ दिए। शीशे टूटने से वैन में सवार दो छात्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और चालक की जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, कस्बा स्थित स्वदेश सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल वैन गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे पूरे रानी गांव से बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े साइकिल सवार अखिलेश मौर्य को वैन से हल्का धक्का लग गया, जिससे उसकी साइकिल गिर गई। इस बात से नाराज होकर उसने वैन चालक अखिलेश के साथ मारपीट शुरू कर दी।

चालक किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागा तो आरोपी ने लाठी से स्कूल वैन पर हमला बोल दिया। हमले में वैन के कई शीशे चकनाचूर हो गए। अचानक हुए हमले और शीशे टूटने से वैन में बैठे छह बच्चों में चीख-पुकार मच गई। टूटे हुए शीशे के टुकड़े छात्र युवराज के चेहरे में जा लगे, जिससे वह घायल हो गया। एक अन्य छात्र को भी हल्की चोटें आईं।घटना की सूचना मिलते ही डायल पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित वैन से बाहर निकाला।

घटना के बाद बड़ी संख्या में अभिभावक कोतवाली पहुंच गए और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।स्वदेश सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाध्यापक की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता का माहौल है।

Related posts