जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष्य में जिला पंचायत सभागार में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संगठन की मजबूती के संकल्प को दोहराया तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के विचारों और आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करें। इस अवसर पर कायस्थ समाज के प्रतिनिधियों ने प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव का विशाल पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, सेवा, समर्पण और दृढ़ संकल्प का अद्वितीय उदाहरण है
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजना चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने की। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, सेवा, समर्पण और अखंड भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएंगे तथा संगठन की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक ऊर्जा और उत्साह से ओत-प्रोत रहा।
