स्कूल चलो अभियान-2 के तहत निकली भव्य नामांकन रैली, 1200 लोगों ने लिया भाग

1200 प्रतिभागियों की जागरूकता रैली, उत्कृष्ट नामांकन करने वाले शिक्षकों का हुआ सम्मान

धारा लक्ष्य समाचार 

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्कूल चलो अभियान-2026 के दूसरे चरण के अंतर्गत सोमवार को जिले में भव्य जागरूकता रैली एवं नामांकन उत्सव का आयोजन किया गया। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में उपायुक्त मनरेगा, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, एआरपी, एसआरजी सहित लगभग 1200 लोगों ने सहभागिता की। मां सरस्वती की झांकी, स्कूली बैंड और जागरूकता संदेशों के साथ रैली तरणताल होते हुए राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई।

राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक रामकृष्ण भार्गव, शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर अतिथियों का पर्यावरणीय पौधे, बुके एवं ओडीओपी उत्पाद भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सरस्वती वंदना, कठपुतली शो और बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से नवप्रवेशी बच्चों को पाठ्यपुस्तकें एवं स्कूल बैग वितरित किए गए, जबकि उपस्थित सभी बच्चों को बैग प्रदान किए गए। शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए।

इस अवसर पर गत वर्ष की तुलना में सर्वाधिक नामांकन करने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन की घोषणा की।

Related posts