मेवालाल की मौत पर गरमाई सियासत, चंद्रशेखर आज़ाद के बयान से बढ़ा राजनीतिक ताप

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद वायरल वीडियो पर छिड़ी बहस, अयोध्या दान प्रकरण पर CBI जांच की मांग; 2027 चुनाव को लेकर भी दिए संकेत।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।सलोन क्षेत्र के मेवालाल पासी की मौत के मामले को लेकर जिले में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे नगीना सांसद एवं आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह भीड़ को संबोधित करते हुए कहते सुनाई देते हैं, “एक आदमी बोलो बे।” इस एक कथन को लेकर राजनीतिक हलकों में बहस छिड़ गई है।समर्थकों का कहना है कि सांसद भीड़ में व्यवस्था बनाए रखने और एक व्यक्ति से बात करने के उद्देश्य से यह बात कह रहे थे,

जबकि विरोधी उनकी भाषा-शैली पर सवाल उठा रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में चंद्रशेखर आज़ाद ने अयोध्या राम मंदिर में दान राशि की कथित अनियमितताओं के मामले पर भी भाजपा सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि इस मामले की एसआईटी जांच पर उन्हें भरोसा नहीं है और इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई से कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पीड़ित परिवारों की मदद भी चुनावी राजनीति को ध्यान में रखकर कर रही है। उनका कहना था कि सरकार को जाति और राजनीतिक लाभ से ऊपर उठकर सभी जरूरतमंदों की समान रूप से सहायता करनी चाहिए।

Related posts