मारपीट व अभद्रता के आरोप, कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति अभियान चला रही है, लेकिन जनपद के हरचंदपुर थाना क्षेत्र से सामने आया एक मामला पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। थाना क्षेत्र के ग्राम धोढरी मजरे चोहनिया निवासी लवली त्रिवेदी पत्नी अनुज त्रिवेदी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाते हुए आरोप लगाया कि हरचंदपुर पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

पीड़िता के अनुसार 4 जुलाई 2026 को वह अपने पति अनुज त्रिवेदी के साथ रायबरेली जा रही थीं। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही विनय कुमार त्रिवेदी, उनकी पत्नी बेबी त्रिवेदी, अर्पित त्रिवेदी तथा अभय त्रिवेदी पहले से रास्ते में घात लगाए बैठे थे। जैसे ही दोनों वहां पहुंचे, आरोपितों ने उन्हें रोक लिया और डंडों व बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके साथ अभद्रता भी की गई,

जिससे उनके कपड़े तक अस्त-व्यस्त हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद किसी तरह उनकी और उनके पति की जान बच सकी। घटना के बाद उन्होंने हरचंदपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

पुलिस से न्याय न मिलने पर पीड़िता अपने पति के साथ दोबारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके परिवार को दोबारा किसी बड़ी घटना का सामना करना पड़ सकता है।

फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब देखना होगा कि पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।

Related posts