रायबरेली में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 1.79 लाख छात्रों के खातों में डीबीटी से भेजी गई सहायता राशि।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 8 जुलाई। प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और छात्र-हितैषी बनाने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, डीबीटी के माध्यम से छात्र-हित लाभ वितरण तथा शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। इसका जनपद स्तरीय आयोजन रायबरेली के गोपाल सरस्वती इंटर कॉलेज, रतापुर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि डीबीटी व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ी है और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी तथा जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा।इस अवसर पर जनपद के 26 शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों सहित एक शिक्षक परिवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए।
चार शिक्षकों को एसबीआई खाते की पासबुक प्रदान की गई तथा प्राथमिक विद्यालय कोडरजहानपुर के पांच नवप्रवेशी बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें देकर स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत पात्र शिक्षकों, कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। योजना में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्थायी और संविदा शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के कर्मचारी तथा रसोइये शामिल हैं।
जनपद रायबरेली में इस योजना के तहत बेसिक शिक्षा विभाग के 16,365 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 691 शिक्षकों एवं कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। वहीं डीबीटी योजना के अंतर्गत जिले के 1,79,111 विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, बैग, स्वेटर एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र 1200 रुपये की धनराशि भेजी गई है।कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना,
स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, नगर अध्यक्ष आशुतोष पाण्डेय, शिवेन्द्र सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
