(विधायक ने दिलाया हरसंभव सहयोग का भरोसा)
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
नसीराबाद (रायबरेली)। कौशांबी में हुए दर्दनाक LPG टैंकर हादसे में जान गंवाने वाले विकास खंड छतोह के ग्राम कुंवर मऊ राजापुर निवासी स्वर्गीय शुभम सिंह के परिजनों को मंगलवार को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मंगलवार को एसडीएम सलोन मिथिलेश कुमार त्रिपाठी एवं सलोन विधायक अशोक कुमार कोरी मृतक के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से स्वीकृत ₹5 लाख की आर्थिक सहायता का प्रमाण पत्र मृतक की पत्नी एवं बच्चों को सौंपा। विधायक अशोक कुमार कोरी ने बताया कि मृतक के दोनों बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत प्रतिमाह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उनके पालन-पोषण और शिक्षा में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।
उन्होंने संबंधित लेखपाल को निर्देशित किया कि कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कराई जाए, जिससे परिवार को अतिरिक्त राहत मिल सके। विधायक ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर ग्राम सभा के बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे और सभी ने दिवंगत शुभम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
