छेड़छाड़ व मारपीट की शिकायत पर 5 दिन बाद भी नहीं दर्ज हुई एफआईआर, पीड़िता ने एसपी व डीएम से लगाई न्याय की गुहार

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र के जामोड़ी गांव में महिला सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। गांव की एक महिला ने आरोप लगाया है कि करीब पांच दिन पहले उसके देवर ने घर में घुसकर गंदी नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे डंडा सिर में लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के तत्काल बाद उसने जगतपुर थाने में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की। पीड़िता का कहना है कि थाने के चक्कर लगाने के बाद भी उसे केवल आश्वासन ही मिलता रहा।

स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलने पर गुरुवार को पीड़िता पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय और जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय पहुंची, जहां उसने शिकायती पत्र देकर मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपित के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

पीड़िता का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उसके साथ या उसके परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस प्रशासन की होगी।

यह मामला जगतपुर थाना क्षेत्र के जामोड़ी गांव का है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। अब पीड़िता को उच्च अधिकारियों से न्याय मिलने की उम्मीद है।

Related posts