राज्य कर्मचारी का दर्जा और 24 हजार वेतन की मांग, आशा संगिनी कर्मचारियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली से

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आशा संगिनी कर्मचारी संगठन की महिला कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद आशा संगिनी कर्मचारियों ने सरकार से लंबे समय से लंबित मांगों को जल्द पूरा किए जाने की मांग उठाई।ज्ञापन के माध्यम से संगठन की महिलाओं ने कहा कि प्रदेश भर में आशा और आशा संगिनी कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, जनस्वास्थ्य जागरूकता समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं का सफल संचालन उनकी मेहनत से होता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा और सम्मानजनक वेतन नहीं मिल रहा है।

संगठन ने मांग की कि सभी आशा एवं आशा संगिनी कर्मचारियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए तथा प्रतिमाह 18 हजार से 24 हजार रुपये तक न्यूनतम मानदेय निर्धारित किया जाए। इसके अलावा फील्ड में कार्य करने के लिए स्कूटी, टैबलेट और मोबाइल फोन जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं,

ताकि सरकारी योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन किया जा सके।आशा संगिनी कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो जिले की सभी आशा और आशा संगिनी कर्मचारी एकजुट होकर विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगी,

जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आशा संगिनी कर्मचारी मौजूद रहीं। उन्होंने सरकार से जल्द मांगों पर विचार कर उचित कार्रवाई करने की अपील की।

Related posts