जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। महराजगंज क्षेत्र में गुरुवार देर शाम से शुरू हुई रुक-रुक कर हो रही झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण धान की रोपाई प्रभावित हो रही थी और किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे थे। अब लगातार हो रही बारिश ने खेतों को पानी से लबालब कर दिया है, जिससे धान की रोपाई का कार्य तेजी से शुरू हो गया है।
बारिश के चलते पूरे क्षेत्र का मौसम भी सुहावना हो गया है। खेतों में पर्याप्त पानी भरने से किसानों को सिंचाई के लिए अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार समय पर हुई यह बारिश धान की फसल के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी और इससे उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।
किसान ज्ञान प्रकाश मौर्य (थुलवाता), कमलेश (गांधीनगर) तथा रामजीवन रावत (ओथी) धर्मवीर सिंह उर्फ राजू सिंह (टूक),ने खुशी जताते हुए बताया कि कई दिनों से बारिश का इंतजार था। उनका कहना है कि इस बारिश ने उनकी चिंता दूर कर दी है। अब धान की रोपाई बिना किसी परेशानी के पूरी हो सकेगी और अच्छी पैदावार की उम्मीद भी बढ़ गई है।ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के बाद खेतों में किसानों की चहल-पहल बढ़ गई है।
ट्रैक्टर और रोपाई में जुटे मजदूर फिर से खेतों में सक्रिय हो गए हैं। किसानों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह रुक-रुक कर बारिश होती रही तो खरीफ की फसल के लिए यह मौसम बेहद अनुकूल साबित होगा। लगातार बारिश से किसानों में नई उम्मीद जगी है और वे इस बार बेहतर फसल होने की उम्मीद के साथ खेती के कार्यों में जुट गए हैं।
