प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन ने लिया संज्ञान, निरीक्षण कर जल्द कार्य शुरू कराने के आदेश।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। नगर पालिका क्षेत्र के रतापुर चौराहे से गल्ला मंडी तक जर्जर हो चुकी सड़क को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध-प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी सरनजीत कौर ब्रोका ने सड़क की बदहाल स्थिति का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।शुक्रवार को जिलाधिकारी ने बताया कि उन्हें समाचार पत्रों और समाचार चैनलों के माध्यम से रतापुर-गल्ला मंडी मार्ग की दयनीय स्थिति की जानकारी मिली।
इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सड़क निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले शुक्रवार सुबह वार्ड के सभासद के नेतृत्व में दर्जनों स्थानीय नागरिकों ने रतापुर से गल्ला मंडी मार्ग पर प्रदर्शन कर सड़क की बदहाल स्थिति के प्रति नाराजगी जताई थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई,
जिसके कारण यह मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है और आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। उन्होंने सड़क निर्माण के साथ ही लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की।
