जनआस्था और भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, दोषी किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा : दिनेश प्रताप सिंह

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान चंपत राय से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार के निष्कर्ष पर पहुंचना न तो उचित है और न ही न्यायसंगत।

उन्होंने कहा कि चंपत राय ऐसे वैचारिक परिवार से जुड़े हैं, जहां संगठन के शीर्ष नेतृत्व से संवाद होना एक सामान्य प्रक्रिया है,इसलिए किसी भी तरह की अटकलों से बचना चाहिए।राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्टाचार और जनआस्था से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन देना है तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इससे पूर्व राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी के साथ जिला पंचायत द्वारा कराए गए लगभग 150 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने इन विकास कार्यों को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने जिला पंचायत की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बेहतर समन्वय से विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं।राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ हर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि रायबरेली में भी विकास की यह रफ्तार आगे और तेज होगी तथा जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

Related posts