गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

सरेनी (रायबरेली)। सरेनी थाना क्षेत्र के पूरे मालिन गांव के निकट बंगला घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जनपद निवासी साहिल अपनी ननिहाल सरेनी क्षेत्र में आया हुआ था। शुक्रवार को वह परिजनों के साथ बंगला घाट पर गंगा स्नान करने गया था।

स्नान के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।घटना की सूचना मिलते ही सरेनी थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच गए। कई घंटों तक चले संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरेनी ले जाया गया,

जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

Related posts